शाहजहांपुर/ मीरानपुर कटरा। नौकरी से निकालने पर मानसिक तनाव में आए गैस एजेंसी के कर्मचारी ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले मोबाइल में लिखे सुसाइड नोट में उसने गैस एजेंसी के मालिक और मैनेजर को दोषी ठहराया। पुलिस ने मृतक के पिता की ओर से गैस एजेंसी मालिक और मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बजरिया निवासी शिवम राठौर (24) कस्बा स्थित सावित्री गैस एजेंसी पर कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी करता था। परिजन का आरोप है कि शुक्रवार को गैस एजेंसी के मैनेजर और मालिक ने शिवम से गाली गलौज की और उसे नौकरी से निकाल दिया। वह घर पहुंचा तो रात को खाना खाने के बाद सभी छत पर जाकर सो गए। शनिवार सुबह करीब पांच बजे पिता नन्हेलाल राठौर ने जागने पर देखा कि घर में छत के कुंडे से फंदे में शिवम का शव लटक रहा है। उनके शोर मचाने पर परिवार के सभी लोग जग गए।
इसके बाद चीख पुकार मच गई। बाद में लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, पिता नन्हें की ओर से कटरा थाने में तहरीर दी, जिसमें गैस एजेंसी मालिक सोनू और मैनेजर प्रदीप को नामजद कराया गया। पिता का आरोप है कि गैस एजेंसी मालिक ने बेवजह शिवम को नौकरी से निकाल दिया था, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में ये लिखा
मैं सावित्री गैस एजेंसी मीरानपुर कटरा शाहजहांपुर का वर्कर हूं। कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर कार्यरत हूं। आज मुझे बिना मेरी कमी बताए मुझे एजेंसी से हटा दिया गया है। मालिक बात करने पर उन्होंने बात करने से मना कर दिया। इसमें एजेंसी के वर्कर मेरी आत्महत्या करने के भागीदार हैं, और मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। एजेंसी के वर्कर और मालिक दोषी हैं। मैंने यही सोसाइड नोट जनसुनवाई व श्रम विभाग को भेज दिया है। मेरी आत्महत्या करने की खास यही वजह है, मुझे बिना सूचना दिए निकाल दिया। आपका अपना सहपाठी - शिवम राठौर
एजेंसी पर दो कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। काम कम होने से मैनेजर प्रदीप कुमार ने एक दिन पहले शिवम का हिसाब कर दिया था। कोई विवाद या मारपीट नहीं हुई। मेरी शिवम से बात नहीं हुई थी। उसकी मौत से हम सब सदमे में हैं। - अरुण कुमार, एजेंसी स्वामी
शुक्रवार को शिवम का सिर्फ हिसाब किया गया था। नौकरी से निकाला नहीं गया था। मारपीट की बात गलत है। शाम को मैं खुद उसे घर तक छोड़कर आया था। उसकी मौत का हमें बहुत दुख है। - प्रदीप कुमार, मैनेजर
मृतक के पिता की तहरीर पर एजेंसी मालिक सोनू और मैनेजर प्रदीप के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
- हरपाल सिंह बालियान, थाना प्रभारी, मीरानपुर कटरा
चार भाइयों में सबसे बड़ा था शिवम
शिवम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह पिछले चार माह से एजेंसी पर काम कर रहा था। इससे पहले वह तिलहर स्थित एक गैस एजेंसी पर काम कर चुका है। उसके पिता चाट का ठेला लगाते हैं। पिता की मदद के लिए शिवम ने चने भी बेचे थे। लॉकडाउन के दौरान पिता का ठेला बंद रहा, जिससे घर में आर्थिक तंग बढ़ गई थी। नौकरी जाने पर शिवम को लगा कि अब परिवार का गुजारा कैसे होगा, जिसकी वजह से वह मानसिक तनाव में आ गया था।