जैतीपुर। अगरोली गांव में नवादा मोड़ पुलिस चौकी के पीछे स्थित गोशाला के पास शनिवार रात करीब 11 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर लगभग 60 गोवंशीय पशु लाकर छोड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के विरोध करने पर गोवंशीय पशु लाने वाले लोग हड़बड़ी में दो प्रेशर वाली ट्रॉलियों से पशुओं को सड़क किनारे धकेलकर भाग गए। वहीं, दो अन्य ट्रॉलियों से भी गोवंशीय पशुओं को धक्का देकर नीचे उतारा गया। ग्रामीणों ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर नवादा मोड़ पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे जैतीपुर की ओर से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लगभग 60 गोवंशीय पशु भरकर लाए गए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ करीब 15 से 20 लोग थे। गोवंशीय पशुओं को सड़क किनारे उतारा जा रहा था, तभी ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध होते ही वहां अफरातफरी मच गई।
आरोप है कि गोवंशीय पशु लाने वाले लोगों ने दो प्रेशर वाली ट्रॉलियों को उठाकर पशुओं को बेरहमी से नीचे गिराया और मौके से भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया। पकड़ी गई दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
नवादा निवासी वीर सिंह यादव ने बताया कि बड़ी दुर्दशा के साथ लोग ट्रॉली में गोवंशीय पशु भरकर लाए थे। विरोध करने पर उन्हें बेरहमी से फेंककर भाग गए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अगरोली निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में पहले से ही हजारों की संख्या में छुट्टा पशु घूम रहे हैं। ऐसे में बाहर से ट्रॉली में भरकर गोवंशीय पशु छोड़ने से समस्या और बढ़ जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले के बाद गोवंशीय पशु नवादा मोड़ के पास ही भटक रहे हैं। उन्हें किसी ने गोशाला में छुड़वाने की जरूरत नहीं समझी है।
-
बीडीओ और पुलिस के बयानों में विरोधाभास
थाना पुलिस का कहना है कि ग्रामीण गोशाला में गोवंशीय पशु छोड़ने आए थे। पुलिस को देखकर वे भाग गए। वहीं, बीडीओ बाबूलाल वर्मा का कहना है कि गोवंशीय पशुओं को लाने के लिए उनकी ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई थी। रात में प्रधान का फोन आने पर उन्होंने ट्रॉली में भरकर गोवंशीय पशु लाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराने के निर्देश दिए थे। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। इस संबंध में थाना प्रभारी को गहनता से जांच करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जैतीपुर में पुलिस चौकी पर खड़े ट्रैक्टर-ट्राॅली। संवाद