शाहजहांपुर। नए साल के स्वागत में 31 दिसंबर को 2.10 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब जिले के लोग गटक गए, जो गत वर्ष की अपेक्षा 25 लाख रुपये से अधिक है।
जिला आबकारी अधिकारी उदय प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष अस्थायी बार के दो लाइसेंस जारी किए जाने से दोनों जगह शराब की काफी खपत हुई। गत वर्ष 31 दिसंबर को 1.85 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी। नव वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार शराब की दुकानों के बंद होने की समय सीमा रात्रि 11 बजे तक कर दी गई थी।
आबकारी निरीक्षक सदर सौरभ यादव ने बताया कि गत वर्ष अंग्रेजी व देसी शराब के साथ बियर को मिलाकर कुल 1.85 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी। वर्ष के अंतिम दिन यदि मंगलवार नहीं होता तो शराब की बिक्री 2.50 करोड़ रुपये से ज्यादा होती। दिसंबर में गत वर्ष 33.63 करोड़ रुपये और इस बार 40.18 करोड़ रुपये की शराब बिकी है। संवाद