शाहजहांपुर। देवोत्थान एकादशी से विवाह जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। मंगलवार को देवोत्थान एकादशी पड़ रही है। इसको लेकर बैंड-बाजा और बरात सब तैयार है। शहर में लगभग सभी मैरिज लॉन बुक हैं। यहां पर वैवाहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही लोग शादी-विवाह के लिए जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
सहालगों का सीजन शुरू होने को लेकर बैंड-बाजा, कैटरिंग, परिधान और ज्वैलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। होटल और धर्मशालाओं में पहले से ही बुकिंग का दौर जारी है, जिससे व्यापारियों में खुशी की लहर है। मंगलवार को भी बाजार में लोग खरीदारी को पहुंचे। इसके चलते शहर के गोविंदगंज, सदर बाजार, बहादुरगंज, चौक व जलालनगर स्थित प्रतिष्ठानों पर काफी चहल-पहल रही। सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ों के शोरूम पर रही, जहां पर लोग दुल्हा व दुल्हन के साथ ही परिजनों के लिए भी कपड़े खरीदते देखे गए। महिलाओं ने साड़ी व लहंगे की खरीदारी की तो पुरुषों ने भी सूट, शेरवानी आदि को खरीदा। इनकी कीमत दो हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक है।
-
दूल्हे के लिए पगड़ी और दुल्हन के लिए शृंगारदान की हो रही खरीदारी
- बाजार में दूल्हे के लिए पगड़ी, नोटों के हार के साथ ही दुल्हन के लिए शृंगारदान की खरीदारी खूब हो रही है। साथ ही पूजन के लिए उपयोग होने वाली वस्तुओं में सूप, ढाल बाल, मोर-मौरी, हल, मूसर, डिबिया, हवन-कूंड आदि की मांग हैं। जोकि अलग-अलग दाम में उपलब्ध हैं।
एक दिन में दो बरातों के लिए बुक हुए बैंड-बाजा
- बरात में घोड़ी पर सवार दूल्हा और उसके आगे चलते बरातियों के साथ बैंड-बाजा की धूम रहती है। इसके चलते बैंड-बाजा संचालकों के पास भी पर्याप्त बुकिंग हैं। कुछ बैंड संचालकों के पास एक दिन में दो बरातों की बुकिंग है। 10 हजार से लेकर 40 हजार रुपये तक में बैंड बुक हो रहे हैं। हालांकि बैंड-बाजा की जगह कुछ लोगों ने बरात में डीजे लेकर जाना शुरू कर दिया है, इससे बैंड संचालकों का नुकसान हुआ है।
-
चढ़ाने के लिए मेवा व फलों की टोकरी की मांग
- तिलक व बरात में लड़की व लड़के वालों को उपहारस्वरूप मेवा व फलों की टोकरी देने का रिवाज भी है। इसको ध्यान में रखकर बाजार में उनकी टोकरी सजाकर बेची जा रही हैं। इनकी कीमत 800 रुपये से शुरू होती है।
नवंबर व दिसंबर में 17 शुभ मुहूर्त
- पं. अरुण कुमार शुक्ल ने अनुसार 12 नवंबर को देवोत्थान एकादशी पर बड़ी संख्या में शादी-विवाह संपन्न होंगे। इसके बाद नवंबर माह में सात, दिसंबर में दस शुभ मुहूर्त रहेंगे। नवंबर माह में 17, 18, 22, 23, 24, 25, 26 तथा दिसंबर माह में 2, 3, 4, 5, 9, 10, 11, 13, 14, 15 शुभ मुहूर्त पड़ रहे हैं। अगले वर्ष जनवरी में दस, फरवरी में 19 और मार्च में आठ शुभ मुहूर्त पड़ेंगे।
शादी-विवाह के लिए लोग मेवा के गिफ्ट पैक की मांग कर रहे हैं। छोटे से लेकर बड़े साइज में गिफ्ट पैक तैयार करवाए गए हैं, जिनके दाम उसमें रखे जाने वाले काजू, बादाम, किशमिश आदि मेवा के वजन के हिसाब से होते हैं। सहालग सीजन में कारोबार अच्छा होता है। - विनय कुमार, किराना व्यापारी
दुल्हा-दुल्हन के लिए शृंगार का सामान बिक रहा है। पगड़ी 250 से 2500 रुपये तक की कीमत की है। नोटों की माला की 600 रुपये से शुरूआत होती है। मांग के हिसाब से इनको तैयार करवाया गया है। इनके अलावा भी पूजन सामग्री चाहिए होती है, जोकि दुकानों पर उपलब्ध है। - शिवम, पूजन व शृंगार सामग्री विक्रेता
गोविंदगंज बाजार में मांगलिक कार्य शुरू होते ही कपड़ों की खरीदारी करतीं महिला व युवती। संवाद