शाहजहांपुर। दिन और रात के तापमान में इन दिनों बढ़ रहा अंतर जरा सी असावधानी में भले-चंगे लोगों की सेहत बिगाड़ सकता है। मंगलवार को दिन भर धूप खिली रहने से मौसम सुहाना बना रहा लेकिन आर्द्रता में आई कमी आधी रात के बाद कोहरे में बदली तो रात में न्यूनतम तापमान लगभग एक डिग्री गिरकर 6.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। यही नहीं, बुधवार को दिन मेें तेज धूप निकली तो अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस हो गया। डॉक्टरों का कहना है कि दिन में गर्मी महसूस होने पर बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचाए रखना जरूरी है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार सुबह से शाम तक बैरोमीटर की रीडिंग सामान्य से आठ अंक कम रही और इसे देखते हुए बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहने से धूप कम निकलेगी।
बीते तीन दिनों से रात मेें कोहरा छाने से न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान गत चार दिन से लगातार बढ़ रहा है। गत शनिवार को दिन में तापमान 17 डिग्री था जो अगले दिन बढ़कर 20.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री और मंगलवार को 1.5 डिग्री बढ़ा। बुधवार को सुबह से हवा की रफ्तार कम हुई और दिन भर धूप निकली तो अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस उछलकर मंगलवार सात जनवरी के स्तर पर आ गया। दिन में कैप, मफलर, दस्ताने पहनने लोगों ने पहले ही छोड़ दिए थे, बृहस्पतिवार को धूप ने गर्मी बढ़ाई तो लोगों ने फुल जैकेट, उतार फेंकी और हाफ जैकेट और स्लीव लेस स्वेटर में नजर आने लगे।
जरा सी लापरवाही हो सकती है घातक
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. एमएल अग्रवाल मौसम में आए परिवर्तन के कारण लोगों की इस बेपरवाही को स्वास्थ्य के लिए घातक मानते हैं। उनका कहना है कि तापमान भले ही बढ़ रहा हो, हवा में नमी का स्तर से सामान्य से अधिक होने के कारण दिन ढलने के साथ सर्दी महसूस हो रही है। इसलिए लोग गर्म कपड़े पहनने में लापरवाही बिल्कुल नहीं करें क्योंकि शरीर पर सर्दी का असर होने के बाद जुकाम, खांसी, वायरल बुखार, पसलियों और सीने में दर्द जैसी शिकायतें पैदा हो सकती हैं। उन्होंने सलाह दी है कि दिन में घर से निकलते समय लगे कि शाम हो जाएगी तो पूरे गर्म कपड़े पहनकर निकलें। ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचाने की जरूरत है क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से कम होती है और सर्दी से उन पर निमोनिया का असर हो सकता है।
आज फिर मौसम सर्द होने की संभावना
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि हवा के दबाव में कमी को देखते बृहस्पतिवार को सुबह से बादल छाने पर सर्दी की वापसी होने के आसार बन रहे हैं।