शाहजहांपुर। रविवार को वायुदाब सामान्य से 17 अंक अधिक होने के कारण दिन भर चली सर्द पछुआ हवा से रात में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री घटकर 7.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। सोमवार को सुबह सूर्योदय से पहले तक कोहरा छाया रहा। बाद में धूप निकलने से मौसम खुशनुमा हो गया लेकिन छायादार स्थानों पर उत्तर पश्चिमी हवाए गलन महसूस कराती रहीं।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बैरोमीटर रीडिंग सोमवार को सुबह के सामान्य से नौ अंक और शाम को पांच अंक अधिक रही। उन्होंने बताया कि दिन भर धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री बढ़कर 24.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन सूर्यास्त के बाद हवा चलती रहने से पारा फिर गिर रहा है। उनका कहना है कि वायुदाब सामान्य से अधिक होने के कारण मंगलवार को आसमान साफ रहेगा ओर धूप निकलेगी, लेकिन तेज हवा से रात के तापमान में अगले 24 घंटे तक गिरावट जारी रहने के संकेत हैं।