शाहजहांपुर। कोहरे, धुंध और पछुआ हवा के थपेड़ों से ठंड बेकाबू हो गई है। शुक्रवार रात को घना कोहरा छाने के कारण आर्र्दता बढ़कर 97 फीसदी हो गई। इससे हवा में नमी बढ़ी तो ठिठुरन पैदा होने से न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया। चार दिन पहले रात में आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था, जो शनिवार को घटकर 4.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। हालांकि, दिन में 11 बजे के बाद धूप में थोड़ी तेजी आने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बैरोमीटर की रीडिंग सामान्य से 15 अंक कम हो गई और इसे देखते रविवार को सुबह घना कोहरा छाने और पछुआ हवा चलने से सर्दी बढ़ने के आसार हैं।
16 जनवरी को वायुदाब में 30 अंक की गिरावट के कारण घने बादल और कोहरा छाने से रात में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रह गया था। तब से रात में थर्मामीटर का पारा सात से दस डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मगर मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने के साथ रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। शनिवार सुबह कोहरा और सर्द पछुआ हवा से जनजीवन घंटों अस्त-व्यस्त रहा। बाद में धूप निकलने पर शाम चार बजे तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही, लेकिन सूर्यास्त के बाद से वातावरण में गलन बढ़ने लगी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार दिन में निकली तेज धूप से हवा में घुली नमी 51 प्रतिशत घटकर 48 फीसदी रह गई, लेकिन आर्द्रता में आई कमी रविवार को सुबह घना कोहरा पैदा करके ठंड बढ़ा देगी।