शाहजहांपुर। गर्मी का प्रकोप सोमवार को और बढ़ गया। सुबह से पुरवा हवा की गति धीमी होने और कड़ाके की धूप निकलने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। दोपहर 12 बजे तक इतनी गर्मी हो गई कि पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बाजारों में रोजमर्रा की तरह सुबह से शाम तक विभिन्न ट्रेड की दुकानें खुलीं, लेकिन ग्राहकों के न होने से सन्नाटा पसरा रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अभी तीन दिन तक गर्मी का प्रकोप बने रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी मेें आए तूफान के दिशा बदलने से जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित हुआ तो बीते शुक्रवार को राजस्थान से गर्म पछुआ हवाएं पूर्वांचल से लेकर यहां तक दस्तक देकर गर्मी बढ़ाने लगीं। इससे पारा ऊपर चढ़ने का सिलसिला चालू हुआ जो सोमवार को भी जारी रहा। हालांकि, हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने से पछुआ हवाएं थम गईं, लेकिन हवा ने रुख बदला और हल्की पुरवाई चलनी शुरू हुई तो वातावरण से आर्दता घटने के साथ वातावरण में शुष्कता के साथ तापमान बढ़ने लगा। शुक्रवार को पारा 41 डिग्री तक सीमित रहा जो शनिवार को बढ़कर 41.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। रविवाद को अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकार्ड किया गया। सोमवार को तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि रिकार्ड की गई। खास यह है कि दिन के साथ रात के न्यूनतम तापमान में भी उछाल आ रहा है।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार आर्दता में गिरावट से दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार कम हो रहा है। इसी वजह से गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह बैरोमीटर सूचकांक में 21 मिलीबार की गिरावट रिकार्ड की गई, लेकिन शाम पांच बजे तक 34 अंक की वृद्धि हो गई। इसे देखते मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहने से उमस बढ़ेगी, लेकिन 30 मई से पहले बारिश की कोई संभावना नहीं होने से गर्मी और बढ़ेगी।