कलान। दो दिन से हो रही बारिश के कारण स्थानीय विद्युत उपकेंद्र में चारों तरफ पानी भर जाने से वह यार्ड में लगी मशीनों तक पहुंच गया है। वहां के पैनल रूम के आसपास करीब दो फुट पानी भर जाने पर प्रभारी अवर अभियंता राम सुरेश ने मंगलवार को सुबह पांच बजे से सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद करा दी।
शाम पांच बजे तक 12 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से नगर के लोग परेशान हो गए। कई घरों में पेयजल का संकट हो गया और इनवर्टर भी ठप हो जाने से लोगों के मोबाइल भी बंद हो गए। उधर, उपकेंद्र के रास्ते पर पानी भर जाने और पैनल रूम जलभराव से घिरा होने के कारण विद्युत कर्मचारी अंदर जाने में घबरा रहे हैं क्योंकि 33 केवीए की इनकमिंग लाइन में उपकेंद्र तक विद्युत आपूर्ति जारी रही।
कर्मचारियों को भय है कि पैनल रूम में जाने पर वह इनकमिंग लाइन के करंट की चपेट में आ सकते हैं। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता शुभेंदु शाह ने बताया कि उपकेंद्र के चारों तरफ भरा पानी मशीनों तक पहुंच जाने के कारण बिजली आपूर्ति बंद की गई है। उन्होंने बताया कि पानी निकालने के लिए पंपसेट मंगाया गया है और बिजली आपूर्ति जल्द शुरू करा दी जाएगी। संवाद