वार्ड नंबर 15 मोहल्ला बाबूजई में पानी सप्लाई ठप होने पर नाराजगी व्यक्त करते पार्षद। स्रोत: जागर
शाहजहांपुर। ग्रीन रोड पर पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण वार्ड संख्या-15 मोहल्ला बाबूजई में पानी की आपूर्ति रविवार से बाधित है। इस कारण बाबूजई और बिजलीपुरा में 500 परिवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने नगर निगम में पहुंचकर नाराजगी जताई।
नगर निगम के अवर अभियंता छत्रपाल ने बताया कि शहर की सभी पाइप लाइन एक-दूसरे से जुड़ी हुईं हैं। इसकी वजह से बाबूजई और बिजलीपुरा में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। बाबूजई के पार्षद विपिन सिंह यादव के साथ अन्य पार्षद ग्रीन रोड पर पहुंच गए। वहां से सभी नगर निगम जलकल महाप्रबंधक से मुलाकात करने उनके ऑफिस पहुंचे। महाप्रबंधक वहां नहीं थे।
इसके बाद पार्षद अवर अभियंता छत्रपाल से मिले। कहा कि पानी की आपूर्ति किसी कीमत पर बंद नहीं होनी चाहिए। पार्षद रूपेश वर्मा ने कहा कि पानी आपूर्ति की समस्या का समाधान तुरंत किया जाना चाहिए। पार्षद कृष्ण गोपाल नवेंदू ने कहा कि जलकल विभाग में बहुत लापरवाही है। इस तरीके से लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्षद राजेश गंगवार ने कहा कि पानी आपूर्ति की समस्या को लेकर हम लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। पार्षद रामबरन सिंह चंदेल ने कहा कि पानी आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। पार्षद सीमा और लालू पुजारी ने भी नाराजगी जताई।
ग्रीन रोड पर पाइप लाइन लीकेज हो गई है। कर्मचारी ठीक कर रहे हैं। संभावना है कि शाम तक पानी की आपूर्ति ठीक हो जाएगी। इसके बाद दिक्कत नहीं होगी। - सुनील कुमार, एई जलकल, नगर निगम