खुटार। गांव तुलापुर के विपिन की हत्या में नामजद आरोपियों को न पकड़े जाने पर परिजनों ने गांव से अंयत्र जाने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
तुलापुर के विपिन दीक्षित को एक नवंबर को गांव के ही कुछ लोगों ने पीटा था। पिता रामकिशोर का आरोप था कि पीटने वालों ने उनके पुत्र को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। इलाज के दौरान विपिन की मौत हो गई थी। रामकिशोर ने गांव के ही कुलदीप उर्फ मोनू, तरुण शुक्ला, संजय शुक्ला, विवेक शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पांच नवंबर को पुलिस ने संजय शुक्ला को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था।
रामकिशोर ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि तीन आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। आरोपी उन पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। राजीनामा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे है। दो दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह परिवार सहित गांव से अंयत्र कहीं चले जाएंगे। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में विवेचना चल रही है। संवाद