सिंधौली में हाईवे के किनारे हार्डवेयर क दुकान में घुसा डीसीएम मिनी ट्रक। संवाद
सिंधौली। मोहम्मदी से केला लेकर पुवायां से होते हुए शाहजहांपुर जा रहा एक मिनी ट्रक (
डीसीएम) सोमवार को देर रात करीब दो बजे चालक को झपकी आने पर पलिया-लखनऊ हाईवे के किनारे की रेलिंग तोड़ते हुए हार्डवेयर की एक दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान में रखा सामान समेत पास में स्थित प्रशांत के घर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
रविवार देर रात हुए इस हादसे के दौरान तेज आवाज से आसपास के लोग जाग उठे और उनमें अफरा-तफरी मच गई। आसपास के तमाम लोग बिस्तर छोड़कर बाहर निकल आए और मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले आई।
डीसीएम चालक ने पुलिस को बताया कि वह रात में सो नहीं सका। इसलिए झपकी आने पर वाहन अनियंत्रित होने से हादसा हो गया। दुकान के मालिक शिवसरन पांडेय ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और हादसे में हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। सीओ प्रवीण मलिक के अनुसार तहरीर के आधार पर जांच होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद
बाइकों की टक्कर में तीन घायल
सेहरामऊ दक्षिणी। लखनऊ-पलिया हाईवे के चंदगोई मोड़ पर सोमवार को सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दोनों बाइकों के चालकों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा है। हरदोई जिले के बेहटा गोकुल क्षेत्र के गांव बिसौली निवासी धीरेंद्र कुमार बाइक से शाहजहांपुर से शाहाबाद जा रहे थे। चंदगोई मोड़ के पास गांव के विमलेश और उनके पीछे बैठे सुमित की बाइक धीरेंद्र की बाइक से टकरा गई। सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद