पुवायां (शाहजहांपुर)। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
पुवायां के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी सास की पड़ोस की महिला से कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद में सात लोगों ने उन्हें और सास को पीटना शुरू कर दिया। बचाने पर बाबा, ददिया सास, पति और जेठ को पीटकर घायल कर दिया। वह बचकर भागी तो तीन आरोपियों ने घर में घुसकर छेड़खानी की और ब्लाउज फाड़ दिया।
उधर दूसरे पक्ष के युवक ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह साढ़े दस बजे पड़ोस के छह लोगों ने उनकी और दो बहनों की पिटाई कर दी और बहन के साथ छेड़खानी की। दूसरे पक्ष के लोग बांका, तमंचा आदि लेकर उनके घर घुस आए। पिता, मां को भी पीटकर घायल कर दिया।
घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां