मीरानपुर कटरा। एक लाख रुपये का ऋण दिलाने का झांसा देकर एक वित्तीय कंपनी के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से खाते खुलवाने के बहाने लाखों की रकम ठग ली। शनिवार को कंपनी के दो कर्मचारियाें को कस्बे में आया देख खातेदार ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
तिलहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, उनकी पत्नी मंजू त्रिपाठी, वीरपाल, मनोज कुमार की पत्नी प्रीति, हरजीत कौर, सुरजीत सिंह, नेत्रपाल, मोनू सिंह, खानपुर गांव देवेन्द्र सिंह, ढकिया परवेज़पुर के हरेन्द्र सिंह, धनेला निवासी मीना देवी, सनियुरा के प्रदीप कुमार आदि 20-25 ग्रामीणों से ठगी हुई है।
इन सभी ने बताया कि तीन माह पहले फर्रुखाबाद के राजेपुर और हरदाेई के रहने वाले दो लोगों ने खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताकर एक-एक लाख रुपये ऋण दिलाने का वायदा कर खाता खोलने के बहाने दो-दो हजार रुपये जमा करा लिए।
कर्मचारियों ने खाता खोलने के एक माह के बाद प्रत्येक खाता धारक को एक-एक लाख रुपये मिलने का भरोसा दिया। तीन माह बीतने पर भी रकम खाते में नहीं आई। शनिवार को नगर के मुख्य चौराहा के पास रोडवेज परिसर में दोनों कर्मचारी कुछ लोगों को अपनी योजना बताकर खाता खोलने के लिए कहते दिख गए।
प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।