तिलहर। क्षेत्र के बरैंचा गांव में एक माह पहले जले ट्रांसफार्मर की जगह लगाया गया नया ट्रांसफार्मर भी ओवरलोडिंग से गर्म होकर जल गया। इससे गांव में रहने वाले सैकड़ों लोग गत एक माह से बिजली संकट झेलने के लिए मजबूर हैं। नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को विद्युत निगम के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
लगभग 2500 आबादी वाले इस गांव में 500 विद्युत कनेक्शन हैं। बिजली आपूर्ति के लिए 10 और 16 केवीए क्षमता के लगभग दस ट्रांसफार्मर अलग-अलग खंभों पर लगे हुए हैं। इनमें से 10 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगभग एक माह पहले खराब हो गया था। ग्रामीणों की मांग के बाद गत सप्ताह ट्रांसफार्मर को बदलकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया। जैसे ही नए ट्रांसफार्मर को चालू किया गया, वह तेज आवाज के साथ फुंक गया। इससे गांव की लगभग छह गलियों में रहने वाले 150 परिवारों के 600 लोग भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से परेशान हैं।
इसके विरोध में ग्रामीणों ने निगोही उपकेंद्र के अवर अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांव के विकास तिवारी, पिंकू सिंह, राम दिनेश वर्मा, मोनू सिंह आदि ने बताया कि एक माह से भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से परिवार के लोग और बच्चे परेशान हो रहे हैं। कई बार सक्षम अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान अनीता देवी ने बताया कि विद्युत निगम को पत्र देकर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग कर चुकी हैं। फोन पर भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।