मीरानपुर कटरा। क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम अपहृत छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने बुधवार सुबह गांव के बाहर गन्ने के खेत से बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे को ले जाने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी एक व्यक्ति का पुत्र बीती शाम घर के बाहर खेलने निकला था। इस दौरान उसके घर आया रिश्तेदार थोड़ी देर बाद चला गया। उसके जाने के बाद घरवालों ने बच्चे को बाहर जाकर देखा तो वह गायब मिला। मां ने देर रात थाने में पुत्र को अपहृत कर लिए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोप लगाया कि रोजा थाना क्षेत्र के गांव कंजा निवासी रक्षपाल सिंह उनके घर आया था। वह ही पुत्र को बहला फुसलाकर ले गया है। घरवालों समेत ग्रामीणों ने पुलिस के साथ पूरी रात बच्चे की तलाश की। पुलिस ने आरोपी रक्षपाल के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी पुलिस के हाथ लग गया। उससे पूछताछ करने के बाद दिन निकलने पर पुलिस ने अपहृत बच्चे को गन्ने के एक खेत से बरामद कर लिया। बच्चा काफी डरा-सहमा हुआ है।
पुलिस व परिजनों के पूछने पर रोने लगता है। वह घटना के विषय में कुछ नहीं बता पाया और रातभर जगा होने से घर पहुंचते ही सो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि बच्चा मिल गया है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।