बृजलाल का फाइल फाेटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद। मोहल्ला आजादनगर निवासी बृजलाल (48) की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव पिटारमऊ रोड स्थित दुकान के पीछे बने कमरे की गैलरी में पंखे के कुंडे से लटका मिला। चाय लेकर पहुंची बेटी ने पिता का शव लटका देखा तो चीख पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
बृजलाल के भाई होरीलाल ने बताया कि वह मंडी में पल्लेदारी करने के साथ सब्जी की दुकान लगाते थे। वह मोहल्ला प्रतापनगर स्थित पुराने मकान में पत्नी दुर्गा देवी और बच्चों के साथ रहते थे। बेटे अरुण ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद पिता घर से करीब 500 मीटर दूर मोहल्ला आजादनगर स्थित दूसरे मकान में सोने चले गए थे।
शनिवार सुबह करीब सात बजे बहन मोनिका पिता के लिए चाय लेकर वहां पहुंची। गैलरी में पहुंचते ही उसकी नजर पंखे के कुंडे से लटके पिता के शव पर पड़ी। यह देखकर वह चीखती हुई बाहर भागी और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
कुछ ही देर में परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल की जांच की। परिजनों के मुताबिक बृजलाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार के लोगों का कहना है कि घर में किसी तरह की परेशानी नहीं थी।
टीबी और नशे की बात सामने आई
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बृजलाल के टीबी से पीड़ित होने और नशा करने की बात सामने आई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बृजलाल का फाइल फाेटो। स्रोत: परिजन