फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: शहर की 184 सड़कों के लिए 62.34 करोड़ रुपये मंजूर...पहली किस्त जारी

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शहर की जर्जर सड़कों, टूटी गलियों और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। शासन ने नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के पुनरुद्धार, नवीनीकरण और विस्तार के लिए 62 करोड़ 34 लाख 53 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसके सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 31 करोड़ 17 लाख 27 हजार रुपये भी जारी कर दिए हैं। बजट से शहर के सभी 60 वार्डों में कुल 184 सड़क परियोजनाओं पर काम कराया जाएगा।
विज्ञापन

शासनादेश में जारी परियोजनाओं की सूची में अलग-अलग मोहल्लों और गलियों को शामिल किया गया है। अधिकांश परियोजनाओं में सड़क निर्माण के साथ नाली बनाने का प्रावधान किया गया है, ताकि सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी की समस्या का भी समाधान हो सके। इसके अलावा खराब हो चुकी सड़कों के पुनर्निर्माण, गलियों के सुधार और जलभराव वाले स्थानों पर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के कार्य भी कराए जाएंगे।

चर्च कॉलोनी और बहादुरपुरा में भी होंगे काम
मोहल्ला चर्च कॉलोनी रोजा में रामनिवास के मकान से शिव मंदिर होते हुए श्मशान घाट तक नाली पर सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 42.63 लाख रुपये है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 21.32 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इसी तरह वार्ड नंबर दो के मोहल्ला बहादुरपुरा स्थित अधरधाम कॉलोनी में सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 46.49 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 23.25 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। इसके अलावा नगर निगम के अन्य वार्डों में भी इसी तरह सड़क और नाली निर्माण की परियोजनाएं शामिल की गई हैं। लंबे समय से खराब सड़कों और जलनिकासी की समस्या झेल रहे मोहल्लों में इन कार्यों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन


टेंडर के बाद शुरू होगा निर्माण
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद अब परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसियों को काम सौंपा जाएगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।

शहर की 184 सड़कों के निर्माण के लिए शासन की ओर से 62.34 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। पहली किस्त भी जारी हो गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर सड़कों और नालियों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें