प्रतीकात्मक तस्वीर एआई से बनाई गई है।
- फोटो : AI
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र के सुजावलपुर गांव में शनिवार रात अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ा एक व्यक्ति टोटका करने के दौरान करीब 20 फुट गहरे कुंए में गिर गया। तांत्रिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीण को कुंए से बाहर निकाल उसकी जान बचाई।
मोहल्ला गौसनगर का निवासी व्यक्ति अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। दो माह पूर्व उसने बिहार की एक महिला से शादी कर ली। पिछले कुछ दिनों से उसके परिवार में बीमारी के साथ कई समस्याएं बनी हुई थीं। उसे लगा कि घर में किसी भूत-प्रेत का साया है। दो दिन पूर्व वह दिल्ली से घर आया। झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक से संपर्क किया।
पुलिस ने कुएं में रस्सी डालकर निकाला
शनिवार रात टोटका करने के लिए तांत्रिक के साथ एक पीपल के पेड़ के पास गया। वहां पीपल की परिक्रमा करने के दौरान झाड़ियों के बीच कुंऐ में गिर गया। तांत्रिक उसे बचाने के बजाए वहां से भाग गांव गया और पूरा मामला ग्रामीणों को बताया। इसके बाद तांत्रिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुंए में रस्सी डालकर किसी तरह उसे बाहर निकाला।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि कुंए में गिरने से घायल हुए ग्रामीण को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।