सड़क पर बैठा सांड़ (सांकेतिक तस्वीर)
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के गांव कुर्रिया कलां निवासी योगेश सिंह (50) की बाइक गांव गुरैया के पास अचानक सड़क पर आए सांड़ से टकरा गई। हादसे में योगेश और उनका दोस्त जयकुमार घायल हो गए। सीएचसी पर डॉक्टर ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
शनिवार शाम को योगेश सिंह गांव निवासी अपने मौसेरे भाई मुन्नू सिंह के बेटे कुमित की बरात के साथ जलालाबाद के गांव हथिनापुर आए थे। कार्यक्रम के बाद वह गांव के जयकुमार के साथ बाइक से घर जाने को निकले थे। रात करीब 12 बजे उनकी बाइक गांव गुरैया के पास अचानक सामने से रोड पर आए सांड़ से टकरा गई।
योगेश के हैं चार बच्चे
सांड़ से टकराकर दोनों लोग बाइक समेत दूर जाकर गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टर ने योगेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जयकुमार को राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। योगेश की मौत से पत्नी रानू सिंह और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
इस वर्ष हुईं यह घटनाएं
- 12 जनवरी- लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश कुमार को नेशनल हाईवे पर लड़ रहे सांड़ों से बचने के दौरान कंटेनर ने कुचल दिया था।
- 23 जनवरी- जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा के मजरा नौगवां निवासी रीना (50) पर छुट्टा पशु ने आलू की फसल की रखवाली करते समय हमला कर घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।