रामशंकर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गुर्रा भमौली गांव निवासी 60 वर्षीय रामशंकर की शनिवार रात आंधी-पानी के दौरान गिरी दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, रामशंकर अविवाहित होने के चलते मकान में अकेले रहते थे। उनका भाई सुआलाल थोड़ी दूरी पर स्थित मकान में रहते हैं। शनिवार की रात रामशंकर छप्परनुमा मकान में सो रहे थे। रात करीब दो बजे आंधी-पानी आने पर दीवार के मलबे व छप्पर के नीचे दबने से उनकी मौत हो गई।
रविवार सुबह जानकारी के बाद लोगों की भीड़ लग गई। मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया। सुआलाल अपने भाई के शव को देख बिलख पड़े। यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर राकेश मौर्य ने बताया कि दीवार गिरने से दबकर ग्रामीण की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। संवाद