खुदागंज। गांव मझिला निवासी सुधीर सिंह की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके चाचा की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के चाचा समरपाल सिंह ने बताया कि सुधीर सिंह शाम करीब सात बजे गांव के महेंद्र के साथ चरखौला जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब साढ़े दस बजे महेंद्र घर लौट आया, लेकिन सुधीर नहीं आया। पूछने पर महेंद्र ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में पता चला कि सुधीर गांव के ही शिवशंकर के यहां नामकरण की दावत में गया था।
समरपाल के अनुसार, सुधीर को तलाशते हुए जब वह निगोही रोड स्थित गली में पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल निगोही अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि गांव के बब्लू, ओमपाल और शिवशंकर ने सुधीर को डंडे से पीटा था। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई।
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। तथ्य और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।