शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सेटेलाइट बस अड्डे के पास एक ग्रामीण का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वह बीमारी के कारण परेशान थे। आत्महत्या की आशंका जताई गई है।
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में निवाजपुर के पास स्थित सेटेलाइट बस अड्डे के पास सोमवार सुबह पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे से ग्रामीण का शव लटका मिला। मृतक की पहचान रोजा थाना क्षेत्र के जमुका गांव निवासी जगदीश प्रजापति (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक जगदीश प्रजापति रविवार रात प्लांट पर पहरेदारी करने के लिए रोजाना की तरह निकले थे। सुबह देर तक वह घर नहीं पहुंचे। लोगों ने पेड़ पर उनका शव लटका देखा तो रोजा थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि जगदीश काफी समय से बीमार चल रहे थे। गंभीर बीमारी के चलते वह परेशान रहते थे। आशंका है कि बीमारी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। जांच कराई जा रही है।