मीरानपुर कटरा के फीलनगर में जमीन से कब्जा हटाती जेसीबी। संवाद
मीरानपुर कटरा। फीलनगर गांव में ग्राम समाज की जमीन पर किया गया अवैध कब्जा तिलहर के तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने मंगलवार को हटवा दिया। जेसीबी से सरकारी जमीन पर बनाई गई दीवार गिराने के दौरान जमीन पर अवैध रूप से काबिज दंपती ने इस कार्रवाई का विरोध कर ग्राम प्रधान पर रंजिशन बेदखली की कार्रवाई कराने का आरोप लगाया, लेकिन तहसीलदार ने उनकी एक नहीं सुनी।
फीलनगर की ग्राम प्रधान प्रीति देवल के पति पूर्व प्रधान विनीत देवल ने सोमवार को तिलहर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देकर गांव के पश्चिम दिशा में आम के बाग के पास ग्राम समाज की जमीन और गांव की आबादी के बीच में तालाब की जमीन पर आकाश बाबू द्वारा अवैध कब्जा कर लेने की शिकायत की थी। यह भी बताया कि ग्राम समाज की राजस्व अभिलेखों में नवीन परती में दर्ज जमीन पर अवैध कब्जेदार ने मिट्टी और निर्माण सामग्री को डाल कर अवैध रूप से निर्माण कार्य करा लिया है।
डीएम के निर्देश पर तहसीलदार अपने साथ नायब तहसीलदार मनु माथुर, जेसीबी मशीन और पुलिस बल लेकर मंगलवार को सुबह फीलनगर पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी से मिट्टी और निर्माण सामग्री हटवा कर ग्राम समाज की जमीन को कब्जामुक्त करा दिया। इस दौरान जमीन से बेदखल किए गए आकाश और उनकी पत्नी विनीता ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए शिकायतकर्ता पूर्व प्रधान पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनकी पत्नी और मौजूदा प्रधान प्रीति देवल के विरुद्ध निर्माण कार्यों में अनियमितताएं बरतने की मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। मुख्यमंत्री से शिकायत करने पर पूर्व प्रधान विनीत देवल ने देख लेने की धमकी दी थी। इसी कारण उन्होंने उनके खिलाफ शिकायत की।
फीलनगर के पूर्व प्रधान पर अवैध कब्जेदार आकाश ने अपने बचाव में आरोप लगाए हैं। समाधान दिवस में आई शिकायत पर डीएम के निर्देशानुसार वहां ग्राम समाज की जमीन से उसका अवैध कब्जा हटा दिया गया है। बहुत जल्द गांव के तालाब को भी कब्जामुक्त कराया जाएगा। -दीपेंद्र कुमार, तहसीलदार, तिलहर