फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल

विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां (शाहजहांपुर)। बंडा के गांव में एक किशोरी से दो युवकों ने दुष्कर्म किया और बाद में वीडियो वायरल कर दिया। परिवार वालों को जानकारी हुई तो पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए पीड़िता और उसकी मां को टरका दिया। इससे पहले दुष्कर्म के बाद किशोरी ने फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की थी लेकिन परिवार वालों ने बचा लिया था। यहां बता दें कि 22 मई को दुष्कर्म के बाद सात जुलाई को वीडियो वायरल किया गया।
विज्ञापन

बंडा के एक गांव निवासी महिला ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 22 मई को गांव के ही दो युवक उनकी 16 वर्षीय पुत्री को घर के बाहर से उठा ले गए। गांव के एक घर में ले जाकर किशोरी को धमका कर दोनों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान वीडियो भी बना लिया। आरोपियों के चंगुल से छूटने पर लड़की ने घर आकर कमरे में फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की तब परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे बचा लिया।
पीड़िता की मां ने बताया कि दुष्कर्म करने वाले दोनों युवकों को आड़े हाथों लिया तो उन्होंने पुत्री को धमकी दी कि कहीं भी शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। लोक लाज के कारण वह चुप रहे और पुत्री को भी समझाकर चुप रखा। आरोपी नहीं माने और उन्होंने सात जुलाई को वीडियो वायरल कर दिया। जानकारी पाकर वे फिर आरोपी युवक के घर गए और शिकायत की तो युवक के पिता, मां और एक अन्य महिला ने गाली गलौज करते हुए धमकी दी कि चुप नहीं बैठने पर वीडियो को और वायरल किया जाएगा। पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के बाद से बेटी की मानसिक स्थिति बहुत खराब है। उस पर हमेशा नजर रखनी पड़ रही है। मां के मुताबिक जब वह थाने आईं तो परिवार की तीन महिलाओं को बेटी की देखरेख का जिम्मा सौंपकर आईं कि कहीं वह कोई गलत कदम न उठा ले। महिला ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। बंडा पुलिस के अनुसार महिला तहरीर लेकर आई थी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

मामला जानकारी में आया है। बंडा थाने की पुलिस को एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। -संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ग्रामीण
महिला उत्पीड़न के कई मामलों की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की बंडा पुलिस ने
पुवायां। अधिकारी छोटी से छोटी घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कहते हैं, जिससे घटना आगे चल कर बड़ा रूप न ले सके, लेकिन बंडा पुलिस तो बड़ी घटनाओं तक की रिपोर्ट दर्ज करने की जरूरत नहीं समझती।
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वीडियो वायरल हुआ। वायरल हुआ वीडियो पीड़िता की मां के पास भी पहुंचा। पीड़िता की मां ने तहरीर के साथ ही वीडियो की जानकारी भी बंडा पुलिस को दी, लेकिन इसके बाद भी जांच की बात कहते हुए पीड़िता को टरका दिया गया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
छह जुलाई को गांव मानपुर पिपरिया में विवाहिता को पति, सास, ससुर ने पीटकर मरणासन्न कर दिया। बेहोशी की हालत में पीड़िता को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पिता ने दहेज उत्पीड़न की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने महिला के पति का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर पीड़िता के पिता को बिना रिपोर्ट दर्ज किए टरका दिया।
पांच जुलाई को थाना मदनापुर के गांव मुकुंदपुर निवासी नरेंद्र सिंह ने बंडा पुलिस को बताया था कि उनकी पुत्री मनोरमा का दहेज के लिए उत्पीड़न किया जा रहा है और पुत्री को ससुराल से निकाल दिया गया है। इस मामले में भी जांच की बात कहकर पीड़ित को टरका दिया।
बंडा थाना प्रभारी पर हो कार्रवाई
पुवायां। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर पीड़िता की मां से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बंडा के थाना प्रभारी पर धारा 166ए के तहत कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में महिला ने बताया कि नाबालिग पुत्री से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उन्होंने बुधवार दोपहर दो बजे बंडा थाना प्रभारी को तहरीर दी। थाना प्रभारी ने तहरीर नहीं ली और उन्हें अभद्रता कर भगा दिया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। थाना प्रभारी ने सरकारी पद का दुरुपयोग किया है, इस कारण उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए। पत्र की प्रतियां राज्य महिला आयोग, डीजीपी, एसपी, उच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग को भी भेजी गईं हैं। संवाद
वीडियो बनाने वाले कर रहे थे परेशान
पुवायां। दुष्कर्म की वीडियो बनाने वाले युवक किशोरी को डेढ़ माह से परेशान कर रहे थे और उसे मनमाफिक जगह पर बुलाने का दबाव बनाते थे। किशोरी के विरोध करने पर वीडियो वायरल कर देने की धमकी देते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें