पुवायां। पुवायां में चोर पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। क्राइम कंट्रोल दिखाने के पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं करती है। बड़ा सवाल है कि जब रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की जाएगी तो घटनाओं को खुलासा कैसे होगा। कुछ दिनों में हुई कई घटनाओं के बाद भी जांच के नाम पर पीड़ितों को टरकाया जा रहा है।
मामला एक : एक महीने बाद भी दर्ज नहीं हुई चोरी की रिपोर्ट
गांव मदनापुर में शान मोहम्मद के घर चोरों ने 13 फरवरी को नकदी, जेवर और अल्टीनेटर का तार चोरी कर लिया था। इसी रात पास के कोल्ड स्टोर में नकब लगाकर सोलर पैनल का तार चोरी कर लिया गया। शान मोहम्मद ने पुलिस को तहरीर के साथ ही सीसी कैमरे की फुटेज भी दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
मामला दो : नकदी, जेवर चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की
मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी अभय कुमार के घर से चोरों ने नकदी, जेवर सहित दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। 14 मार्च को तहरीर दी गई। सीओ ने मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
मामला तीन : तहरीर देने के बाद भी टरकाया जा रहा
पुवायां के मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी नन्हेलाल के घर से चोर एक लाख रुपये की नकदी व जेवर चोरी कर ले गए थे। चोरी के समय घर बंद था। नन्हेलाल ने 14 मार्च को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं कर पीड़ित को टरकाया जा रहा है।
कस्बे में हुई चोरियों के मामले में मैंने खुद मुआयना किया था और रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए थे। अगर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है तो जानकारी कराई जाएगी और रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां