लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो व कार। संवाद
- फोटो : Samvad
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को सुबह करीब छह बजे बरेली की ओर जा रही एक कार आगे चल रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि हादसे के बाद दोनों वाहन हाईवे के किनारे खाई में पलट गए और ऑटो पर सवार खड़खड़ी गांव के 41 वर्षीय निसार अली की मौत हो गई।
निसार अली पेशे से सब्जी विक्रेता थे और सुबह सब्जी खरीदने के लिए ऑटो से नगर की सब्जी मंडी जा रहे थे। हाईवे पर ऑटो शेरपुर बतलैया के सामने पहुंचे ही कि इसी दौरान शाहजहांपुर से बरेली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ऑटो में पीछे से टकरा गई। टक्कर होते ही ऑटो और कार हाईवे के किनारे गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और ऑटो पर सवार निसार अली की मौके पर मौत हो गई। ऑटो चालक वाजिद भी घायल हो गया। हादसे के बाद कार से बाहर निकले चालक समेत तीन युवकों ने ऑटो चालक से कहासुनी होने पर उसे पीटकर घायल कर दिया।
इस दौरान हाईवे पर एक ऑटो लेकर गुजर रहे बतलैया गांव के मो. सईद, असलम, अशफाक आदि ग्रामीणों ने घायल ऑटो चालक को हमलावरों से बचाकर तिलहर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां ऑटो चालक की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहीं, निसार अली की मौत से उनकी पत्नी तकदीरन, पुत्री अंजुम बी और काजोल तथा पुत्र आशिक अली और मोनिस अली रोते-रोते बेसुध हो गए। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सेंगर ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो व कार। संवाद- फोटो : Samvad