शाहजहांपुर में अजीजगंज चौकी पर वाहन चालकों का सत्यापन करते चौकी प्रभारी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। ई-रिक्शा एवं डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अजीजगंज चौकी पुलिस ने सत्यापन शुरू कर दिया है। इसके तहत बरेली मोड़ चौराहे पर खड़े प्रत्येक ई-रिक्शा व डग्गामार वाहन के चालकों को फॉर्म वितरित किए गए। वाहन के कागज व चालक की आईडी की जांच की गई।
चौकी प्रभारी इतेश तोमर ने बताया कि फॉर्म को भरने के बाद चालक को आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के रजिस्ट्रेशन पत्र की छाया प्रति व दो पासपोर्ट साइज के फोटो के साथ जमा करना होगा। प्रत्येक वाहन चालक का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। कोई वाहन चालक गैर जनपद का रहने वाला है तो संबंधित जनपद से भी उसकी जानकारी जुटाई जाएगी।
प्रपत्र की एक प्रति चालक को निर्धारित रूट नंबर लिखकर दे दी जाएगी। इसे वे अपने वाहन पर चस्पा कर लें। बिना सत्यापन के वाहनों को चलाने की अनुमति नहीं है। बिना सत्यापन के जो भी वाहन चलाते पाया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन सीज किया जाएगा। रविवार को कुल 45 वाहन चालकों ने फॉर्म भरकर जमा करे।