तिलहर में हाईवे पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
तिलहर। दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर स्थित चीनी मिल मोड़ के पास बृहस्पतिवार शाम मिनी ट्रैक्टर और कार आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही दोनों वाहनों के चालक व कार सवार बाल-बाल बच गए। वहीं, हादसे के बाद करीब 30 मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा। हादसा एक वाहन के गलत दिशा में आने की वजह से हुआ।
कटरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी राजीव कुमार बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे चीनी मिल में मिनी ट्रैक्टर से गन्ने की तौल कराकर लौट रहे थे। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव मूर्छा निवासी रामदेव दीक्षित सरयू पुलिया स्थित खाटू श्याम ढाबा से कार से बरेली की ओर जा रहे थे।
इस दौरान चीनी मिल मोड़ के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की वजह से जाम लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को ग्रामीणों की मदद से सड़क के किनारे करवाया। तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।