बांकेगंज। बांकेगंज से गोला जा रहा रसोई गैस सिलिंडर से भरा वाहन अहिरनपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर रोड किनारे लगे करंट प्रवाहित हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गया। राहगीरों की सूचना पर उपकेंद्र से बिजली सप्लाई बंद होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार की दोपहर दो बजे करीब बांकेगंज से गोला जा रही रसोई गैस सिलिंडर से भरी गाड़ी अहिरनपुर गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर करंट प्रवाहित हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल से टकरा गई। तेज आवाज के साथ बिजली पोल से रसोई गैस सिलेंडर भरी गाड़ी टकराते देख भगदड़ मच गई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल से दूर खड़े रहे। कुछ देर के लिए सड़क के दाेनों ओर ट्रैफिक जाम हो गया। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद आवागमन शुरू हो सका। गनीमत रही कि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।