महर्षि बाल्मीकि की जयंती पर मंगलवार को नगर के निगोही रोड स्थित बाल्मीकि मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का नगर के तमाम स्थानों पर स्वागत किया गया।
मंदिर में हवन पूजन के बाद महर्षि बाल्मीकि का भोग लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। ढोल नगाड़ों के साथ शोभायात्रा राजीव चौक, राजा मार्केट, तिराहा बाजार, कटरा बाजार से होती हुई मोहल्ला कुरंगजा में बने बाल्मीकि मंदिर पर समाप्त हुई। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से महर्षि बाल्मीकि के बताए रास्ते पर चलने की अपील की। यात्रा में भगवान राम लक्ष्मण, बाल्मीकि जी, राम सीता, भगवान शंकर, लव-कुश, हनुमान जी, मां सरस्वती, शबरी आदि की झांकी लोगों का मन मोह रही थीं। शोभायात्रा में दीपक बाल्मीकि, रामरतन, रामनाथ, रामलड़ैते, रमेश कुमार, सुनील, संजीव कुमार, रामकुमार, मुन्नालाल, रामफूल आदि का सहयोग रहा।