निगोही रोड पर दुकान में तोड़फोड़ के बाद थाने पर लगी लोगों की भीड़। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। अशफाकनगर चौकी के पास निगोही रोड पर स्थित चाट की दुकान में की गई तोड़फोड़ व दीवार गिरने पर हंगामा हो गया। पीड़ित पक्ष ने परिवार के लोगों के साथ थाने पहुंचकर ढाई लाख का सामान व रुपया गायब करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना सदर बाजार के मोहल्ला दिलाजाक निवासी राजाराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी अशफाकनगर चौकी के पास निगोही रोड पर दुकान है। आरोप लगाया कि बुधवार रात अशोक कुमार मिश्रा, शानू मिश्रा, आशु मिश्रा, शनि मिश्रा ने आठ-दस लोगों के साथ उनकी दुकान में तोड़फोड़ कर दीवार गिरा दी।
आरोप है कि गेट पर लगे शटर को तोड़कर गायब कर दिया गया। 25 हजार रुपये की नकदी व ढाई लाख रुपये का सामान भी गायब है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस के अनुसार, दो पक्षों का दुकान का विवाद चल रहा है। न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।