मीरानपुर कटरा। गांव मधुपुरी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को स्थापित किए जाने पर हंगामा हो गया। ग्राम समाज की जमीन हाेने की बात कहते हुए प्रतिमा को हटाने से इन्कार करने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को कब्जे में लेकर थाने में रखवा दिया।
गांव निवासी श्रीराम ने बताया कि शनिवार को उनके घर के सामने खाली पड़ी कुएं की जमीन पर झंडा-बैनर लगाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई गई। रात में प्रतिमा को स्थापित कर दिया गया। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को देखकर हंगामा शुरू कर दिया। गांव के हरपाल, विनीत कुमार, भूपराम, आनंद कुमार, राजपाल ने ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन बताकर प्रतिमा हटाने से इन्कार कर दिया।
इससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की बात सुनकर समझौता कराने का प्रयास किया। विवाद शांत नहीं होने पर पुलिस ने प्रतिमा को कब्जे में लेकर थाने की बैरक में कपड़े से ढककर रखवा दिया है। थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया कि रात मधुपुरी गौटिया गांव में विवादित स्थल पर स्थापित की डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को सुरक्षित थाने पर रख दिया गया है।