बंडा के देवकली में फसल को दिखाती महिलाएं। स्रोत: जागरुक पाठक
देवकली। भांभी गांव में मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने एक खेत की मेड़बंदी की। इस दौरान कुछ हिस्से में बोई गेहूं की फसल ट्रैक्टर से दबकर नष्ट हो गई। महिलाओं ने राजस्व टीम पर ट्रैक्टर से रौंदकर फसल नष्ट कर देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की।
गांव की जुबेदा, ईजाद बानो, नसीबन आदि का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने राजस्व टीम से मिलकर मेड़बंदी कराते हुए उनके खेत में खड़ी गेहूं की फसल नष्ट कर दी। महिलाओं का कहना है कि उनके पति भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार चला रहे हैं। उनके पास सिर्फ दो-दो बीघा जमीन है। उन्हें इस बात की पहले से जानकारी भी नहीं दी गई कि खेत की मेड़बंदी होनी है। क्षेत्रीय लेखपाल अखिलेश कुमार ने जानबूझकर फसल नष्ट किए जाने से इनकार करते हुए बताया कि एसडीएम के आदेश पर पुलिस बल के साथ सतवीर सिंह के खेत की पैमाइश कर मेड़ बंदी कराई गई। इस दौरान ट्रैक्टर से मेड़ डालते वक्त कुछ फसल खराब हो गई है और इस बारे में तहसील के अधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी। संवाद