राजकीय मेडिकल कॉलेज में हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार शाम प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। डॉक्टर व स्टाॅफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत किया। इसके बाद परिजन शव को लेकर चले गए।
कांट थाना क्षेत्र के खुटरिया गांव निवासी किरन को प्रसव पीड़ा के चलते शनिवार शाम राजकीय मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया था। रात ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ। परिजनों ने बताया कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के बाद खून की आवश्यकता बताई। इसके बाद खून की व्यवस्था की गई। रविवार की शाम किरन की मौत हो गई।
आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने नस काट दी। इससे रक्तस्राव हो गया। स्टॉफ ने भी लापरवाही की। आरोप यह भी लगाया कि ऑपरेशन के लिए उनसे रुपया भी मांगा गया। इसके बाद परिजन शव को घर लेकर चले गए। शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि अगर कोई लिखित शिकायत आएगी तो मामले की जांच कराई जाएगी।