शाहजहांपुर थाना सदर बाजार क्षेत्र के ओसीएफ स्थित डबल स्टोरी में रहने वाले सिपाही श्यामवीर सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसका शव क्वार्टर में पड़ा मिला है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद एटा निवासी 48 वर्षीय श्यामवीर सिंह पुलिस लाइन में तैनात थे। वह पिछले कई दिन से ड्यटी से नदारद बताए जा रहे थे। गुरुवार सुबह श्यामवीर ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उनका शव क्वार्टर में पड़ा मिला।
मोहल्ले वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। सीओ सिटी सरवणन टी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक श्यामवीर कई दिनों से लगातार शराब पी रहे थे। अवसाद में आकर उसने खुद को गोली मार ली। परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके आने के बाद आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो सकता है।