School Closed in UP: शाहजहांपुर में भीषण सर्दी और शीतलहर के चलते डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश दो दिन बढ़ा दिए हैं। अब 17 व 18 जनवरी को कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। 19 जनवरी को रविवार के कारण अब विद्यालय 20 जनवरी को खुलेंगे। जबकि कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाएं लेने का विकल्प मिलेगा।
छुट्टी को लेकर डीएम की ओर से बृहस्पतिवार को आदेश जारी किया गया है। इसके अनुसार जिन विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था नहीं है, उनका संचालन सुबह दस से अपराह्न तीन बजे तक होगा। विद्यालयों में विद्यार्थियों की कक्षाओं में ठंड से बचाव के लिए प्रबंधन को पर्याप्त प्रबंध करना होगा।
बारिश ने बढ़ाई ठंड
जिले में सर्दी का सितम जारी है। बृहस्पतिवार सुबह हल्का कोहरा रहा। बादल छाए रहे। दोपहर में बारिश होने से ठंड और बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गलन और कोहरा बढ़ने के आसार जताए हैं।
बुधवार को मौसम के तेवर तीखे रहे। मंगलवार को शाम से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। रात नौ बजे तक तो घना कोहरा छा गया। दृश्यता इतनी कम थी कि सड़क पर कुछ दूरी पर ही चल रहे वाहन तक चालकों को दिखाई नहीं दे रहे थे। बृहस्पतिवार को कोहरा कम हुआ तो बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी।