उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रथम परीक्षा-2015 तहसील सदर के 19 केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की देखरेख में संपन्न हुई परीक्षा में आयोग के भी प्रतिनिधियों ने केंद्रों पर नजर रखी।
आयोग से आए समन्वयी पर्यवेक्षक अर्जुन देव भारती ने बताया कि जिले में 19 केंद्रों पर विभिन्न जनपदों के 9401 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सुबह 10 से 11 बजे तक चली परीक्षा की निगरानी एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पीके श्रीवास्तव ने की। समन्वयी पर्यवेक्षक के साथ भेजे गए सहायक पर्यवेक्षक राजेश कुमार, जितेंद्र नाथ, विमल सरोज और खुद्दूस अली ने केंद्रों का निरीक्षण किया और आयोग की मंशानुरूप परीक्षा संपन्न कराई। इससे पूर्व एडीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक लेकर उन्हें आयोग से मिले दिशानिर्देश दे दिए थे। सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
पेपर छूटा तो जाम हो गईं सभी सड़कें
पेपर छूटने के बाद शहर में कई जगह जाम लग गया। खासतौर पर आर्य महिला डिग्री कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, इस्लामियां इंटर कॉलेज, डॉ. सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज आदि केंद्रों के बाहर प्रमुख मार्गों पर अभ्यर्थियों की भीड़ से यातायात प्रभावित रहा।
स्टेशन पर रहा अफरातफरी का माहौल
शाहजहांपुर। रविवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा होने की वजह से रेलवे स्टेशन पर हजारों परीक्षार्थी पहुंच गए। इससे वहां अफरातफरी का माहौल रहा। पेपर छूटने के एक बाद से लेकर दोपहर तक स्टेशन परीक्षार्थियों से भरा रहा। ट्रेन में चढ़ने को लेकर परीक्षार्थियों और यात्रियों में जमकर धक्का-मुक्की हुई। इससे रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 11 बजे परीक्षा छूटने के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों ने घर लौटने के लिए स्टेशन का रुख किया। दोपहर 12 बजे के करीब स्टेशन पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। डाउन लाइन की त्रिवेणी एक्सप्रेस जब स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों के उतरने से पहले ही तमाम अभ्यर्थी ट्रेन में घुसने लगे। कई अभ्यर्थी तो आरक्षित बोगी में बैठ गए। इससे रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। इसके बाद पहुंची अमरनाथ एक्सप्रेस में भी बैठने के लिए अभ्यर्थियों ने हंगामा किया।