शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एक तरफ परीक्षा केंद्रों का निर्धारण और कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के लिए फीडिंग कराई जा रही है। वहीं दूसरी ओर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने का काम भी कराया है। इन सीसीटीवी कैमरों को जिला स्तर पर बनने वाले कंट्रोल रूम जोड़ा जाएगा। प्रदेश स्तर पर लखनऊ में बनने वाले कंट्रोल रूम से भी जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी होगी।
कोरोना संक्रमण के चलते पिछले साल हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाएं नहीं हुई। प्री-बोर्ड व कक्षा 9वीं या 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं में प्राप्त नंबरों के आधार पर रिजल्ट घोषित किया था। अब जब कोरोना संक्रमण के मामले काफी कम हो गए हैं और स्थिति सामान्य हो चुकी है, तब बोर्ड परीक्षाओं को ऑफलाइन कराने का निर्णय लिया है। हालांकि अभी यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। जिले में करीब 133 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी। इन परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाने की काम चल रहा है।
डीआईओएस शौकीन सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी वॉयस रिकार्डर के साथ लगाए हैं। सभी परीक्षा केंद्र डीवीआर के माध्यम से जिला कंट्रोल रूम से जुड़ेंगे। प्रत्येक केंद्र स्टेटिक एड्रेस दिया है। इसको जिला स्तर पर जीआईसी में बनने वाले कंट्रोल रूम के साथ ही राज्य स्तर पर लखनऊ में बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम से भी जोड़ा जाएगा।
लखनऊ कंट्रोल रूम से अधिकारी किसी भी केंद्र पर परीक्षा संचालन की स्थिति को देख सकेंगे। जिला कंट्रोल रूम में एक कंप्यूटर पर 11 या 12 परीक्षा केंद्रों को जोड़ा जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सीसीटीवी कैमरे व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जिले में हाईस्कूल के 38250 तथा इंटरमीडिएट के 32470 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनकी कुल संख्या 70720 है।