शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी कर दी गई है। जिले के 126 केंद्रों पर परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगीं। इसमें 76,052 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया रविवार को पूरी हो गई थी। पूर्व में 119 केंद्रों की सूची जारी कर आपत्तियां मांगी गई थीं। ग्रामीण अंचल के केंद्र संचालकों ने 84 ऑनलाइन और 10 ऑफलाइन आपत्तियों को दर्ज कराया था। इसमें 39 लोगों ने केंद्र की दूरी अधिक होने की आपत्ति दाखिल की थी। 27 लोगों ने केंद्र बनाने, दस ने हटाने और 16 ने छात्र-छात्राओं की संख्या कम करने की मांग की थी। दो लोगों ने अन्य आपत्ति दर्ज कराई थीं। उनकी आपत्तियों की जांच जनपदीय कमेटी ने एसडीएम के माध्यम से कराने के बाद रिपोर्ट सौंप दी है।
रिपोर्ट को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। कुल प्राप्त 96 आपत्तियां का निस्तारण करवाया गया। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़कर 126 हो गई। इस प्रस्तावित सूची को स्थानीय अफसरों ने बोर्ड को भेजा। जिस पर मोहर लगाकर माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से रविवार को फाइनल सूची जारी कर दी गई। अब 126 केंद्रों पर हाईस्कूल के 43806 व इंटरमीडिएट के 32246 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सुबह 8:30 बजे शुरू होगी पहली पाली
-यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। सुबह की पाली सुबह 8:30 से पूर्वाह्न 11:45 बजे तक रहेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 से शाम 5:15 तक होगी।
-
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 126 केंद्रों की फाइनल सूची जारी की गई है। अब न तो एक भी केंद्र कम होगा और ना ही बढ़ेगा। इनमें ही परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न करवाया जाएगा।
हरिवंश कुमार, डीआईओएस