परौर। साधन सहकारी समिति चौकिया पर दो सप्ताह से यूरिया खाद और कृषि रक्षा रसायन नहीं है। रविवार को भी वहां से किसानों को मायूस लौटना पड़ा। समिति के सचिव ने गत सप्ताह मुख्यालय को मांगपत्र भेजा था। इसके बावजूद गोदाम पर आपूर्ति नहीं की गई है।
समिति से परौर समेत कुंडलिया, कौमी, चौकिया, पच देवरिया, बरखे मई, जुआ खेड़ा, बम्हौरा, बम्हनी चौकी आदि लगभग 24 गांवों के 800-900 सदस्य किसान संबद्ध हैं। यूरिया न मिलने पर किसानों को निकट की अन्य समितियों से भी निराश लौटना पड़ता है, क्योंकि वहां उन्हें चौकिया समिति में जाने की बात कहकर लौटा दिया जाता है।
000
विधायक बोले- पहले जिले में करें वितरण, फिर बाहर भेजें
कांट। जनपद की सहकारी समितियाें पर हो रही यूरिया खाद की कमी दूर कराने के लिए विधायक अरविंद कुमार सिंह ने डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से पत्राचार किया है। विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कृभको फर्टिलाइजर्स खाद कारखाना है। इसके बाद यूरिया खाद की किल्लत हो रही है। सुझाव दिया कि फैक्टरी से सड़क मार्ग से बाहर जाने वाली खाद की पहले जनपद सहित विधानसभा क्षेत्र में आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। ददरौल विधानसभा क्षेत्र के कांट, भावलखेड़ा, ददरौल और मदनापुर ब्लाॅक की समितियों व सहकारी संघों के गोदामों पर यूरिया नहीं भेजी जा रही, जबकि जनपद में यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। संवाद
-
कुर्रिया कलां : 1100 बोरी का आया स्टाक, 900 बांट दी गई
कुर्रिया कलां। सहकारी समिति पर करीब दो सप्ताह के इंतजार के बाद शनिवार देर शाम 1100 बोरी यूरिया खाद का नया स्टाक आ गया। समिति के सचिव रंजीत सिंह ने रविवार को 900 बोरी यूरिया किसानों को वितरित करा दी। खेतों की सिंचाई करने के बाद कई दिन से खाद का इंतजार कर रहे किसान सुबह से ही समिति पर इकट्ठा होने लगे। सचिव ने बताया कि रविवार शाम तक 800 बोरी यूरिया खाद की अतिरिक्त खेप उपलब्ध हो जाएगी। उनका कहना है, जो किसान यूरिया नहीं ले सके हैं, वह सोमवार को समिति के गोदाम से प्राप्त कर सकते हैं। संवाद
000
यूरिया की मांग गत सप्ताह मुख्यालय भेजी जा चुकी है। समिति के गोदाम पर खाद जल्द आ जाएगी। खाद के वितरण में किसानों से कोई पक्षपात नहीं किया जाता है। प्रयास रहेगा कि समिति से जुड़े सभी किसानों को जरूरत के अनुसार यूरिया मिल सके।
-नत्थू लाल मिश्रा, प्रभारी सचिव, साधन सहकारी समिति, चौकिया (परौर)