केंद्रों में दिनभर तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
केंद्र व्यवस्थापकों ने अधीनस्थों की बैठक लेकर दिए दिशा निर्देश
एमजेपी रुहेलखंड विवि की परीक्षाएं पहली मार्च से शुरू हो रही है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को केंद्रों पर स्टाफ के सदस्यों की बैठकों का दौर चला, जिसमें परीक्षा संबंधी दिशा निर्देश दिए गए।
विवि की परीक्षा में छात्राओं को स्वकेंद्र का लाभ दिया जाएगा, बाकी छात्रों के लिए अलग केंद्र भी रहेंगे, जिसके लिए तैयारियां चल रही हैं। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। तीन पालियाें में होने वाली परीक्षा का पहला पेपर बीएससी, बीकॉम का होगा। जीएफ कॉलेज प्राचार्य/केंद्र व्यवस्थापक प्रोफेसर अकील अहमद ने बताया कि उनके यहां परीक्षा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। सोमवार को उन्होंने पूरे दिन अलग-अलग व्यवस्थानुसार बैठकें कर सभी को दिशा निर्देश दिए, ताकि परीक्षा नकल विहीन और निर्विघ्न संपन्न कराई जा सके।
मोबाइल फोन रहेगा प्रतिबंधित
परीक्षा में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिन परीक्षार्थियों के पास परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन मिलेगा, उसे बुक कर दिया जाएगा और मोबाइल फोन भी जब्त हो जाएगा, जो अनुचित साधन के रूप में विवि भेज दिया जाएगा।
नई स्कीम जरूर देखें परीक्षार्थी
विवि ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है इसलिए सभी परीक्षार्थी नई स्कीम जरूर देख लें, यदि उनका पेपर बदले गए कार्यक्रम के अनुसार हैेे तो वह उसी के अनुरूप तैयारी करें और केंद्र पर पहुंचें। जीएफ कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर अकील अहमद ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने अपने प्रवेश पत्र पहले ही इंटरनेट से निकाल लिए हैं, वह एक बार फिर से प्रवेश पत्र चेक कर लें, क्योंकि प्रवेश पत्र में पुरानी स्कीम ही प्रकाशित हुई है जबकि स्कीम में बदलाव किया गया है।
एसएस कॉलेज बना संकलन केंद्र
विवि ने स्वामी शुकदेवानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एसएस कॉलेज) को संकलन केंद्र बनाया है। प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा के बाद उन्हीं के कॉलेज में जमा की जाएंगी, जो विवि के निर्देशानुसार बरेली भेजी जाएंगी।