मिर्जापुर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी के तहत एकता पदयात्रा देशभक्ति के गीतों पर निकाली गई।
बुधवार को जलालाबाद से भाजपा विधायक हरिप्रकाश वर्मा के नेतृत्व में पदयात्रा का शुभारंभ बहरिया गांव स्थित आर्य समाज मंदिर से हुआ। डीजे पर देशभक्ति धुन के बीच यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा में स्काउट-गाइड समेत बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए। लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जरियनपुर नखासा बाजार में यात्रा का समापन हो गया।
जनसभा में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि सपा सरकार में अपराध बढ़े थे। तब कांवड़ियों पर पत्थर बरसते थे और अब फूल बरसाए जाते हैं।
विधायक ने अपने विकास कार्य को गिनाते हुए बताया कि चार पैंटून पुल मंजूर कराए थे। उनके टेंडर हो गए है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, ब्लाॅक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, लता सिंह, रुचि वर्मा, ब्लाक नामित दीक्षित, विनय शर्मा, दिनेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।