खुटार (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुल के नीचे गोमती नदी में शनिवार को मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव का पोस्टमाॅर्टम होने के बाद डूबने से मौत की बात सामने आई है। रविवार को भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। अब पुलिस 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद अंतिम संस्कार करेगी।
शनिवार दोपहर बाद पुलिस को पुल के नीचे गोमती नदी में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से नदी से शव निकलवाया था। पुलिस ने काफी देर तक शव को हाईवे किनारे रखकर लोगों को दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया था, लेकिन शव के कई अंग गले होने के कारण पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस का अनुमान है कि शव लगभग डेढ़ से दो माह पुराना है। पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम कराने के बाद शव को रखवा दिया है और फोटो के माध्यम से पहचान कराने का प्रयास कर रही है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि आसपास थाना क्षेत्रों से पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।