समाजवादी पार्टी के बिजलीपुरा स्थित कार्यालय में शनिवार को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक हुई। जिलाध्यक्ष तनवीर खां समेत कई पदाधिकारियों ने मिशन-2017 की कामयाबी के लिए शुरू किए गए जनसंपर्क अभियान की समीक्षा के बहाने कार्यकर्ताओं की सक्रियता की परीक्षा ली। साथ ही इस काम में कोताही की शिकायतों पर संगठन के नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रावाई की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष ने बूथ कमेटियों की निगरानी के लिए सेक्टर प्रभारी, सह सेक्टर प्रभारी और बूथ प्रभारियों के नामों पर विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत चलती रहती है, लेकिन कार्यकर्ता बुलंद हौसले के साथ पार्टी के लिए मेहनत करते रहें। सपा की सरकार तभी बनेगी जब पार्टी के लोग सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के काम में तेजी लाएंगे।
पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार ने पार्टी के कामों में तेजी लाने के लिए पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं से निकटता बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उनकी समस्याओं का निस्तारण करें। विधायक राजेश यादव ने कहा कि पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करना कार्यकर्ताओं की नैतिक जिम्मेदारी है। सपा व्यापार सभा और लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव सर्राफ पंकज वर्मा ने शहर में रिंग रोड और अधूरी सीवर लाइन के निर्माण के लिए जिलाध्यक्ष और जन प्रतिनिधियों से सरकार तक आवाज बुलंद करने का आग्रह किया।
अंत में तिलहर के वरिष्ठ सपा नेता मो. अहमद के निधन और नेपाल की भूकंप त्रासदी में मारे गए लोगों के प्रति मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। जिला सचिव बृज बहादुर कश्यप के संचालन में हुई बैठक में जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव, सैयद रिजवान अहमद, डॉ. निर्मल सैनी, कुसुमलता यादव, सुकेश गुप्ता, कपिल सिंह वर्मा, इमित्याज मंसूरी, राजेंद्र यादव, गोपाल अगिभनहोत्री, विक्रांत चौधरी, श्यामजी शुक्ला आदि उपस्थित रहे।