थाना कांट क्षेत्र के गांव अभायन में प्रेम संबंध में चाची-भतीजे के जहर खाने से हुई मौत के बाद आसपास के गांवों में खबर फैलने से दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव अभायन निवासी राजीव की पहली पत्नी पूनम और उसके दो बच्चों की पांच साल पटाखों के विस्फोट में मौत हो गई थी। राजीव की छोटी बेटी अंजलि घर में अकेली रह गई। हरदोई के शाहबाद क्षेत्र के गांव पनियूरा में राजीव की ससुराल थी। परिवार वालों ने तीन साल पहले राजीव की शादी पूनम की छोटी बहन मधु से कर दी थी। शादी के बाद मधु ने बेटी को जन्म दिया। राजीव काम के सिलसिले में सुबह ही घर से बाहर निकल जाता था। मधु दोनों बेटियों के साथ घर में अकेली रहती थी। पड़ोस के मकान में रहने वाला राजीव का रिश्ते का भतीजा 19 वर्षीय लोकेश घर में अकेली मधु से मिलने अक्सर उसके घर आ जाया करता था। दोनों की बातचीत होते-होते प्यार में बदल गई थी। दोनों के बीच प्रेमप्रसंग की जानकारी जब राजीव को हुई तो उसने मधु की फटकार लगाई और लोकेश से मिलने से मना कर दिया था। उधर, लोकेश के पिता अशोक ने भी उसकी जमकर डांट लगाई और लोकेश की निगरानी शुरू कर दी थी, लेकिन चोरी चुपके दोनों लोग मिल ही लिया करते थे। बंदिशें ज्यादा बढ़ने पर दोनों ने साथ मरने का फैसला कर लिया। बृहस्पतिवार को दिन में मधु और लोकेश ने एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। चाची-भतीजे की एक साथ जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत के बाद आसपास के गांव में दोनों के प्रेम प्रसंग की चर्चा होने लगी।
दूसरी पत्नी की मौत से आहत है राजीव
राजीव की दूसरी पत्नी मधु की इस प्रकार हुई मौत से वह बहुत आहत है। चारों तरफ उसकी पत्नी और लोकेश के प्रेम संबंध की हो रही चर्चा से भी वह काफी परेशान है। वह कह रहा है कि पत्नी तो गई ही, साथ में इज्जत भी ले गई। कुछ मीडिया कर्मियों ने राजीव से कुछ पूछने की कोशिश की तो वह झल्ला गया।
दो घरों में पसरा सन्नाटा
मधु और लोकेश की मौत से दोनों घरों में सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर, मधु के घर में रिश्तेदार आ गए हैं। वहीं लोकेश के घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोकेश बीए की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की इस तरीके से हुई मौत से अशोक भी काफी परेशान हैं।
ग्रामीणों और परिवार वालों से पूछताछ करने पर पता चला है कि चाची-भतीजे में प्रेम संबंध थे। परिवार वालों की बंदिशों पर दोनों से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
- अखिलेश भदौरिया, सीओ सदर