मीरानपुर कटरा। कुसक गांव में सोमवार सुबह खेत में घोड़ा जाने पर ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान दोनों पक्षों के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
बताते हैं कि कुसक गांव के मुकेश कश्यप का घोड़ा गांव के ही नरेंद्र दिवाकर के खेत में चला गया था। घोड़े के खेत में जाने से फसल खराब होने पर नरेंद्र ने एतराज किया तो मुकेश से विवाद होने पर दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन भी एक-दूसरे पर लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। झगड़े में मुकेश और नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों की हालत सुधरने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद