जलालाबाद। पांच दिन पूर्व ननिहाल में हुए हादसे में आईटीआई के छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जलालाबाद के रौली-बौरी गांव निवासी 22 वर्षीय निखिल कुमार इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड से आईटीआई कर रहा था। 27 मई को वह अपनी ननिहाल हरदोई जिले के थाना पाली क्षेत्र के इनायतपुर गांव गया था। वहां दूसरे दिन शाम को पैदल जा रहे निखिल को बाइक से टक्कर लग गई थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। तब से उसका उपचार चल रहा था।
हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने निखिल को शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। सरकारी अस्पताल में भी उसे दिखाया। रविवार रात लखनऊ ले जाने से पूर्व ही उसकी सांसें टूट गईं। परिजनों ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मां रेनू शिक्षामित्र हैं। बेटे की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। संवाद