सहायक चीनी आयुक्त को भेजी जाएगी रिपोर्ट
गन्ना विकास समिति के अधिकारियों के निरीक्षण में बृहस्पतिवार को पुवायां के किसान सहकारी चीनी मिल के दो कांटों में गड़बड़ी पाई गई। मामले की रिपोर्ट सहायक चीनी आयुक्त को भेजी जाएगी।
पुवायां गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मनीष कुमार ने बृहस्पतिवार को सबसे पहले किसान सहकारी चीनी मिल के गेट पर कांटे का निरीक्षण किया। यहां गांव बितौनी के फूलमती की ट्राली की तोल हो रही थी। ट्राली का वजन 44 क्विंटल अंकित किया गया था। मैनुअल कांटे पर तोल कराने पर ट्राली का वजन 44.90 क्विंटल हुआ।
इसके बाद गांव रघुनाथपुर औरंगाबाद में लगे किसान सहकारी चीनी मिल के कांटे का निरीक्षण किया गया। यहां गांव रघुनाथपुर की सुषमा देवी का गन्ना तोला जा रहा था। गन्ने का वजन 41.85 क्विंटल हुआ। साढ़े पांच पांच क्विंटल के बांट रखे जाने पर गन्ने का वजन 47.35 क्विंटल होना चाहिए था, लेकिन वजन 46.75 क्विंटल हुआ। दोनों जगह निरीक्षण आख्या को अंकित कर दिया गया। आरपी कुशवाहा ने बताया कि जांच रिपोर्ट सहायक चीनी आयुक्त को भेजी जाएगी।
00
मिल के सभी कांटे बिल्कुल फिट हैं। मैनुअल कांटे से तौल ही नहीं होती है, जिस कारण मैनुअल कांटा सही नहीं कराया गया है। मैनुअल कांटे से तोल कर घटतौली की बात कहना निराधार हैं, किसी भी धर्मकांटे से तौल कराई जा सकती है।
कमल रस्तोगी, जीएम, किसान सहकारी चीनी मिल, पुवायां