तिलहर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी चौकीदार दिनेश (बायें) व जितेंद्र (दायें)। स्रोत: पुलिस
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलहर क्षेत्र के खानपुर गांव में निर्माणाधीन श्याम वाटिका में घुसे 40 वर्षीय अज्ञात युवक को चोर समझकर पीटने के बाद मौत होने के मामले में पुलिस ने दो चौकीदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, कॉलोनी के चौकीदारों ने पूछताछ में मारपीट की बात स्वीकार की है। पुलिस ने डंडा बरामद कर चौकीदारों को न्यायालय में पेश कर किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को कॉलोनी में तीन चोरों के घुसने की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रारंभ में तीन लोगों के घुसने और शोर-शराबा होने पर दो के चहारदीवारी से कूदकर भागने की जानकारी दी गई थी। तीसरे युवक के पकड़ में आने पर पिटाई के बाद उसे खंभे से बांध दिया गया। बेहोश होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी भी पहुंचे और सीसी फुटेज देखे। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो गई।
पुलिस ने मारपीट के आरोपी चौकीदार दिनेश निवासी राईखेड़ा और जितेंद्र सिंह उर्फ गुल्लू निवासी ग्राम खानपुर को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की। दोनों से पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि चौकीदारों की निशानदेही पर डंडा बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बारिश होने के दौरान युवक निर्माणाधीन जगह पर जाकर बैठ गया था। चौकीदार ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया। अपने एक साथी के साथ पीट दिया। इसके बाद खंभे से बांध दिया। उसके बेहोश होने पर रात करीब तीन बजे के बाद 108 एंबुलेंस से चौकीदार उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक की मौत हार्टअटैक से होने की पुष्टि हुई थी। हालांकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे।
दूसरे दिन भी नहीं हुई मृतक की पहचान
घटना के दूसरे दिन भी मारपीट के बाद मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरे भी देखे हैं, जिससे उसके आने के रास्ते का पता चल सके। पुलिस ने आसपास के गांवों के व्हाट्सएप ग्रुपों पर मृतक का फोटो डलवाया है, साथ ही सोशल मीडिया के जरिये भी पहचान का प्रयास हो रहा है।